बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित चुरई दलपतपुर गांव में बुधवार को एक महिला खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से लगी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आग बुझाकर महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चुरई दलपतपुर निवासी रोशन जहां (पत्नी नियाज अहमद) बुधवार को अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से आग भड़क उठी, जिससे उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। वहां ईएमओ डॉ. रोहन ने उनका प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टर ने बताया कि महिला काफी झुलस चुकी थीं, इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।