देश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और हालिया हीट इंडेक्स आंकड़ों के अनुसार उत्तर भारत और मध्य भारत के कई शहरों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
देश के टॉप-10 गर्म शहर
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में हीट वेव, भीषण हीट वेव, गर्म और उमस भरे मौसम व गर्म रातों को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की आगे बढ़ने की स्थिति को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 22 से 27 मई के बीच कई इलाकों में हीट वेव से लेकर गंभीर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब में भी इसी अवधि के दौरान लू चलने की संभावना जताई गई है।
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 27 मई तक कुछ इलाकों में भीषण लू की स्थिति रहने का अनुमान है, जबकि पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी 22 से 27 मई तक हीट वेव चल सकती है।
- पश्चिम राजस्थान में 25 से 27 मई के बीच गंभीर हीट वेव और 22 से 24 मई के दौरान सामान्य हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
- वहीं पूर्वी राजस्थान में 22 से 27 मई तक लू का असर बना रह सकता है।
- मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों व यनम में 22 से 25 मई के बीच गंभीर हीट वेव की संभावना जताई गई है।
- पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 और 27 मई को भी लू चलने का अनुमान है।
- बिहार और तेलंगाना में 22 से 24 मई तक, झारखंड में 22 और 23 मई को व ओडिशा में 22 से 25 मई तक हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी 22 मई को हीट वेव की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में गर्म रातों की चेतावनी
मौसम विभाग ने कई राज्यों में गर्म रातों को लेकर भी चेतावनी जारी की है। ओडिशा में 22 से 25 मई तक, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 22 और 23 मई को, बिहार में 22 मई को व हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी 22 मई को रात के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
इन इलाकों में उमस भरे मौसम की चेतावनी
इसके अलावा गंगीय पश्चिम बंगाल में 22 से 26 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। ओडिशा में 22 से 27 मई तक व तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 27 मई तक उमस भरे मौसम की स्थिति रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु में 15 से अधिक जिलों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। चेन्नई में बुधवार को इस गर्मी का सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में हीटवेव जैसी स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है। वहीं 23 मई से तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, सेलम, नमक्कल, वेल्लोर, तिरुपत्तूर और धर्मपुरी जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में पुडुकोट्टई जिले के अरंथांगी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।